
बरगवां से कचहरी चौक तक गूंजे विरोध के नारे, प्रदर्शन के बाद सौंपा ज्ञापन; मताधिकार की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की उठाई मांग
कटनी। कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय बरगवां से विशाल बाइक रैली निकालकर शहर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण किया। रैली के दौरान ‘वोट चोरी बंद करो’ सहित लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा से जुड़े नारे गूंजते रहे। कचहरी चौक पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और इसके बाद ज्ञापन सौंपकर चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
कांग्रेस की बाइक रैली बरगवां स्थित कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ होकर माधवनगर कैंप, कलेक्टर कार्यालय क्षेत्र, आजाद चौक, घंटाघर, स्टेशन मार्ग, वीआईपी मार्ग और सुभाष चौक होते हुए कचहरी चौक पहुंची। शहर के प्रमुख मार्गों से निकली रैली के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया। कचहरी चौक पर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा की मांग की।
‘वोट चोरी लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों पर सवाल’
जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर के अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा केवल किसी राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के लोकतंत्र और करोड़ों मतदाताओं के अधिकारों से जुड़ा सवाल है। लोकतंत्र में सरकार जनता के मतों से बनती है और चुनाव प्रक्रिया पर प्रत्येक नागरिक का विश्वास कायम रहना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए तथा उठ रहे सवालों का संतोषजनक जवाब दे। कांग्रेस पार्टी मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी। जब तक चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर उठ रही चिंताओं का समाधान नहीं होता, तब तक पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए संघर्ष का ऐलान
संगठन महासचिव प्रेम बत्रा ने कहा कि जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। मताधिकार की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र की मजबूती और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहेगा।
प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर कथित वोट चोरी एवं मतदाता सूची में अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
ये रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला, संगठन महासचिव प्रेम बत्रा, राकेश जैन कक्का, राजा जगवानी, राजेश जाटव, जितेंद्र गुप्ता, अजय जैसवानी, राहुल होतवानी, रंजीत सिंह, दिग्विजय सिंह, संजय गुप्ता, प्रशांत जायसवाल, इजराइल खान, विजय मंगल चौधरी, सचिन गर्ग, इरशाद खान, आफताब खान, श्याम पाहुजा, अभिषेक शिवहरे, विनोद अहिरवार, रमेश अहिरवार, संदीप हांडा, राजेश चावरे, राजेश निषाद, इकलाख अहमद और कपिल पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान नारा बुलंद किया—‘वोट हमारा, अधिकार हमारा; लोकतंत्र पर वार नहीं सहेंगे, वोट के अधिकार की रक्षा करेंगे।’
