
कटनी। नई बस्ती स्थित अक्षर नंदन स्कूल में गुरुवार, 9 जुलाई 2026 को विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए अक्षर नंदन स्कूल ध्वज का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार भोलाराम भैया कृष्णकांत अग्निहोत्री रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में बबलू पाण्डेय (समाजसेवी), गुड्डू पाठक (सूर्यकांत पाठक) एवं ब्रजकांत तिवारी (अधिवक्ता) उपस्थित रहे। अतिथियों ने विधिवत ध्वज का लोकार्पण कर विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।

मुख्य अतिथि कृष्णकांत अग्निहोत्री ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। विद्यार्थियों द्वारा स्वयं तैयार किया गया विद्यालय का ध्वज उनकी सृजनशीलता, टीम भावना और अपने विद्यालय के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

विद्यालय की प्राचार्य मालवी पांडे ने बताया कि ध्वज का निर्माण विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सामूहिक सहयोग से किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास का विकास करती हैं।
इस अवसर पर ध्वज के डिज़ाइन निर्माण में विशेष योगदान देने वाले कुलदीप पांडे, अनंत पांडे, निहित सिंह, सुमन भोजवाल, वर्षा बलानी, कनिष्का सेठी, शालिनी पांडे, रक्षा सिंह, प्रिया विश्वकर्मा, रोशनी नायक, प्रभा तिवारी, राजकुमारी सेन, रेखा पांडे, सृष्टि जैन एवं वैष्णवी साहू को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।
