
‘वोट चोरी’ से लोकतंत्र को खतरा, जहरीली शराब से मौतों पर सरकार जवाब दे: पटवारी
दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रस्तावित महारैली का किया उल्लेख, कटनी में खनन माफिया और भ्रष्टाचार को लेकर भी लगाए आरोप
कटनी। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के कटनी आगमन पर पीर बाबा बायपास के पास जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
मीडिया से चर्चा के दौरान जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए वोट चोरी के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस संघर्ष कर रही है। इसी क्रम में उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में आगामी एक तारीख को प्रस्तावित बड़ी महारैली का उल्लेख करते हुए इसे लोकतंत्र की रक्षा से जुड़ा अभियान बताया।
जहरीली शराब से मौतों पर उठाए सवाल
पटवारी ने जहरीली शराब से हो रही मौतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोगों की जान जा रही है और परिवार उजड़ रहे हैं। उन्होंने सवाल किया, “आखिर इतनी मौतों के बाद भी आबकारी मंत्री की कुर्सी सलामत क्यों है?” उन्होंने इस मामले में सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की।
कटनी में खनन माफिया के प्रभाव का आरोप
कटनी की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए पटवारी ने आरोप लगाया कि जिले में खनन माफिया का राज है और भ्रष्टाचार व्याप्त है। उनके इन बयानों के जरिए कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों से जुड़े मुद्दों को उठाया।
