कटनी। बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान से सटे बरही वन परिक्षेत्र के मचमचा बीट में शनिवार दोपहर मवेशी चराने गए ग्रामीण पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में मचमचा निवासी कोमल सिंह (50), पिता रामकृपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ उन्हें छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
जानकारी के अनुसार, कोमल सिंह शनिवार दोपहर करीब 3 बजे मवेशी चराने मचमचा बीट के पास गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में मौजूद बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके गले और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, जिसके बाद बाघ जंगल की ओर चला गया।
सूचना मिलने पर बरही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। रेंजर धनपत सिंह ने बताया कि मचमचा बीट बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान से सटा होने के कारण वन्यजीवों की आवाजाही रहती है। ग्रामीणों से संवेदनशील क्षेत्रों में मवेशी चराने के दौरान सावधानी बरतने और जंगल के अंदर नहीं जाने की अपील की गई है।
