
छात्र-छात्राओं ने चित्रों के माध्यम से दिया सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश

कटनी। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय माधव नगर, कटनी में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य पीतांबर टोपनानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती संध्या बेन ने की, जबकि पालक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष हरिओम गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि पीतांबर टोपनानी ने छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए चित्रों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य और महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को समाजहित में सकारात्मक कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के शिक्षक डॉ. रामपद तिवारी ने भी विद्यार्थियों को सेवा की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने तथा समाज के लिए उपयोगी कार्य करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने सेवा संकल्प को अपने जीवन में अपनाने की शपथ ली।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी समिधा त्रिपाठी, रामवती तुड़हा, सपना मिश्रा, राजीव रंजन, आभा गौतम, जग्गू सिंह, अखिलेश कुमारी, तृप्ति परोहा, निधि ठाकुर, पूर्णेश उइके, विवेक तिवारी, अनूप पांडेय, रोहित बर्मन, प्रदीप, अमर, विजय, रामेश्वर सहित अन्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
