
अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर गठित टीम ने की कार्रवाई, आपत्तिजनक सामग्री, टेबलेट और शराब की बोतलें मिलने की जानकारी
कटनी। शहर में संचालित स्पा सेंटरों में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों एवं सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए कटनी पुलिस ने रविवार शाम दो स्पा सेंटरों पर दबिश देकर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर गठित टीम द्वारा की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के स्पा सेंटरों में अनैतिक गतिविधियों की सूचनाओं के संबंध में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में डीएसपी शिवा पाठक, महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर सहित पुलिस बल को शामिल किया गया था।
पुलिस टीम ने रविवार शाम नेचरल हाई स्पा सेंटर और आवाँ स्पा सेंटर में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक नेचरल हाई स्पा सेंटर से 5 पुरुष और 5 महिलाएं, जबकि आवाँ स्पा सेंटर से 5 महिलाएं और 1 पुरुष मिले। दोनों स्थानों से कुछ आपत्तिजनक सामग्री, टेबलेट्स और शराब की बोतलें मिलने की भी जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के अनुसार स्पा सेंटरों में काम करने वाली महिलाओं में मध्यप्रदेश के अलावा अन्य राज्यों की महिलाएं भी शामिल हैं। सभी संबंधित व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।
एएसपी कमल मौर्य के मुताबिक पुलिस द्वारा स्पा सेंटर संचालकों एवं संबंधित व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध सामग्री के आधार पर प्रचलित कानून एवं नियमों के तहत आगामी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
