
कटनी शहर के रचना नगर निवासी एक कारोबारी ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया है कि सोना खरीदने के बहाने घर पहुंचे कथित व्यापारियों ने धोखे से करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के सोने के कर्णफूलों से भरी थैली चोरी कर ली। पीड़ित का यह भी आरोप है कि घटना की शिकायत करने के बावजूद बस स्टैंड चौकी में उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
शिकायतकर्ता अविनेश सोनी (लक्की सोनी) निवासी रचना नगर, गली क्रमांक-1, वार्ड क्रमांक-5 ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 27 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच कुछ व्यापारी सोने के कर्णफूल खरीदने के बहाने उसके घर पहुंचे। बातचीत के दौरान आरोपियों ने कथित रूप से छलपूर्वक करीब 5 से 6 लाख रुपये कीमत के सोने के कर्णफूलों से भरी थैली गायब कर दी। घटना की जानकारी उन्हें तत्काल नहीं लग सकी।
पीड़ित के अनुसार, जब उसे चोरी का संदेह हुआ तो वह तत्काल बस स्टैंड चौकी पहुंचा, लेकिन वहां उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि चौकी प्रभारी ने इसे उसकी लापरवाही बताते हुए वापस लौटा दिया।
शिकायतकर्ता का दावा है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है, जिसमें कथित व्यापारियों द्वारा किए गए छल का घटनाक्रम दिखाई देता है। पीड़ित ने बताया कि संदिग्ध व्यापारियों में से एक का मोबाइल नंबर 7700902037 उसके पास है। घटना के अगले दिन तक उस नंबर पर संपर्क हुआ, लेकिन बाद में मोबाइल बंद हो गया।
मंगलवार 4 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने तथा चोरी गए सोने की बरामदगी की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है।
