
कटनी, 04 अगस्त 2026 (मंगलवार)। शहर के सावरकर वार्ड क्रमांक-12, खरेनी क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद घायल परिवार मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचा। शिकायतकर्ता अंजली निषाद ने आरोप लगाया कि उनके बड़े पापा एवं उनके परिवार के सदस्यों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से उनके परिवार पर हमला किया, जिसमें पति, सास और ससुर घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
शिकायतकर्ता अंजली निषाद ने बताया कि 29 जुलाई 2026 की रात उनके बड़े पापा एवं उनके परिवार के सदस्य घर में घुस आए और बिजली बंद कर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में उनके पति अभिषेक निषाद (24 वर्ष), सास बसंती निषाद (39 वर्ष) और ससुर पुरुषोत्तम निषाद (55 वर्ष) घायल हुए।
अंजली निषाद का आरोप है कि हमले में उनकी सास बसंती निषाद को सिर में गंभीर चोट आई थी। उपचार के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ने लगी। शिकायतकर्ता के अनुसार, सिर में चोट लगने के कारण उनके सिर पर ब्लड का थक्का जम गया, जिसके बाद बेहतर एवं समय पर उपचार के लिए उन्हें कटनी जिला अस्पताल से जबलपुर मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया, जहां वर्तमान में उनका उपचार जारी है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उनकी शिकायत के अनुसार एफआईआर में हमले में शामिल सभी आरोपियों के नाम दर्ज नहीं किए गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बनवारी निषाद, दीपक निषाद, संदीप निषाद, जयदीप निषाद, प्रदीप निषाद एवं सुनील निषाद सहित अन्य लोगों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए।
मंगलवार 04 अगस्त 2026 को आयोजित एसपी जनसुनवाई में अंजली निषाद अपने घायल पति एवं ससुर के साथ पहुंचीं और पुलिस अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने परिवार की सुरक्षा एवं सभी आरोपियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।
एसपी जनसुनवाई में मिला शीघ्र निराकरण का आश्वासन
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता की समस्या सुनी गई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शिकायत में दिए गए तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर जल्द ही उचित निराकरण एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
