
छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की निंदा, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और गृहमंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग…
कटनी। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मंगलवार को कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कथित हिरासत तथा छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य गेट पर किया धरना-प्रदर्शन ।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना था कि छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई और विपक्षी नेताओं के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। कांग्रेस ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों पर आघात बताया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सरकार को छात्रों और विपक्ष के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति का सम्मान होना चाहिए, न कि उसे बलपूर्वक दबाया जाना चाहिए।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी छात्रों और विपक्षी नेताओं के साथ इसी प्रकार की कार्रवाई होती रही तो पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के तहत अपना आंदोलन जारी रखेगी।
भाजपा का पक्ष:समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी अथवा केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर समाचार में उसे भी प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।
