
कटनी। कटनी-जबलपुर मार्ग पर बुधवार को लखापतेरी के समीप एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कटनी की ओर से जबलपुर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने आगे चल रही मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, अनिल आदिवासी (26 वर्ष) एवं गुलजी आदिवासी (28 वर्ष) निवासी लखनवारा मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कटनी से जबलपुर की ओर जा रहे डंपर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही 1033 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण डंपर चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस वाहन की पहचान कर चालक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
