
कटनी। शैक्षिक उत्कृष्टता के दो दशकों की गौरवशाली उपलब्धि को समेटे सायना इंटरनेशनल स्कूल ने 9 जुलाई 2026 को अपना 20वां स्थापना दिवस श्रद्धा, उल्लास और गर्व के साथ मनाया। इस अवसर पर विद्यालय की दो दशकों की उस उल्लेखनीय यात्रा को याद किया गया, जिसमें अकादमिक उत्कृष्टता, अनुशासन, नवाचार और मूल्य आधारित शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ सायना की गौरवशाली विरासत को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
समारोह की शुरुआत पारंपरिक पूजन से हुई। निदेशक प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार शर्मा, प्रबंधन प्रतिनिधि ऋषि अरोड़ा, हेडमास्टर बोर्डिंग डॉ. लोकेश दुबे, हेडमास्टर डे स्कूल कमल सरेचा, प्राथमिक समन्वयक रीत मोंगा, डी.के. झा, सी.एस. पांडेय और श्वेता पांडेय ने विधि-विधान से पूजन संपन्न किया। इस दौरान संस्थान की निरंतर प्रगति, समृद्धि और उत्कृष्टता के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
इसके पश्चात पवित्र हवन का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ वर्ष 2007 से विद्यालय में सेवाएं दे रहे डी-ग्रुप स्टाफ के मिंटू यादव, रामकिशोर और आनंद कुमार ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में वर्षा सिंह बघेल, दिनेश शर्मा और डी.सी. मिश्रा ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों से विद्यालय परिसर में आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण निर्मित हुआ।
इस अवसर पर निदेशक प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार शर्मा ने सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी विद्यालय की असली पहचान उसके विद्यार्थियों से होती है। आज जब सायना के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में अपना नाम रोशन कर रहे हैं, तो यह संस्थान के उद्देश्य की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक और डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने चेयरपर्सन डॉ. निधि पाठक, प्रबंधन और समस्त स्टाफ के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सायना को शिक्षा, संस्कार और संस्कृति का आदर्श केंद्र बनाने का संकल्प दोहराया।

सायना की चेयरपर्सन डॉ. निधि पाठक ने कहा कि विद्यालय की स्थापना के समय शिक्षा के माध्यम से संस्कारवान, आत्मनिर्भर और राष्ट्रभक्त नागरिकों के निर्माण का सपना देखा गया था। आज सायना के विद्यार्थी उस सपने को साकार कर रहे हैं। उन्होंने विद्यालय की पूर्व छात्रा सुमन मिश्रा के बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से नगर निगम कार्यपालन अधिकारी के पद पर चयन को संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। साथ ही शिक्षकों, अभिभावकों और प्रबंधन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सायना को ज्ञान, अनुशासन और उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
स्थापना दिवस के अवसर पर चेयरपर्सन डॉ. निधि पाठक, सचिव श्रीमती निर्मला पाठक, विधायक एवं पूर्व मंत्री संजय सत्येंद्र पाठक, प्रबंधन प्रतिनिधि ऋषि अरोड़ा, समस्त स्टाफ और अभिभावकों ने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। कार्यक्रम प्रभारी अभिनव खरे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
