क्वांटम मिनरल्स के प्रबंधक की शिकायत पर माधवनगर थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला, खनिज विभाग में कथित फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर खदान बंद कराने का आरोप…
कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र में माइनिंग कारोबार से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। टिकरिया मुड़वारा स्थित 12.679 हेक्टेयर लेटेराइट एवं बॉक्साइट खदान के संचालन को लेकर कथित तौर पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और रंगदारी के प्रयास के आरोप में पुलिस ने नौ लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, क्वांटम मिनरल्स फर्म के प्रबंधक संजीव बोहरे की शिकायत पर अपराध क्रमांक 624/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 61(2) (आपराधिक साजिश) एवं 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत मामला कायम किया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि खदान को पुनः प्रारंभ कराने, आवश्यक एनओसी एवं अन्य औपचारिकताएं पूरी कराने के नाम पर फर्म से करोड़ों रुपये लिए गए। बाद में कथित रूप से अतिरिक्त 75 लाख रुपये की मांग की गई। मांग पूरी नहीं होने पर खनिज विभाग में कथित रूप से भ्रामक दस्तावेज एवं शपथ पत्र प्रस्तुत कर खदान का संचालन रुकवाने का प्रयास किया गया, जिससे फर्म को लगभग 4 से 5 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान होने का दावा किया गया है।
एफआईआर के अनुसार, मामले में आदिल अहमद, हुज्जू, ओमप्रकाश पाठक, नानू मिश्रा, अमन मिश्रा, अलाउद्दीन, सरफराज अहमद, शबनम अहमद और तनवीर खान को नामजद आरोपी बनाया गया है।
पुलिस शिकायत के आधार पर यह भी जांच कर रही है कि क्या खदान से संबंधित दस्तावेजों में किसी प्रकार की कूटरचना की गई और क्या कथित रूप से एक ही खदान से जुड़े अधिकारों का अन्य पक्षों के साथ भी सौदा किया गया था। इस संबंध में खनिज विभाग में प्रस्तुत दस्तावेजों एवं बैंक लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
माधवनगर थाना पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक संतोष सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह समाचार पुलिस में दर्ज एफआईआर एवं शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की न्यायिक पुष्टि होना अभी शेष है तथा सभी आरोपी कानून की नजर में दोष सिद्ध होने तक निर्दोष माने जाएंगे।
