
कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिव्यांचल मैरिज गार्डन के सामने शुक्रवार को एक सड़क हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों एवं सूत्रों के अनुसार, कलेक्टर मार्ग की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक ई-रिक्शा ने कथित लापरवाही के चलते नेचर्स स्कूल के बच्चों को ले जा रहे वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों के मुताबिक हादसे में 2 से 3 बच्चों के घायल होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि जिस ऑटो (ई-रिक्शा) से टक्कर हुई, उसी वाहन को रुकवाकर घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे में शामिल ई-रिक्शा का वाहन क्रमांक MP21 ZJ 6368 बताया जा रहा है। वहीं, जानकारी मिली है कि घायल बच्चों को शासकीय अस्पताल के बजाय उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
फिलहाल इस घटना में घायल बच्चों की संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के कारणों और चालक की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।
