
कटनी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर नगर निगम ऑडिटोरियम, बस स्टैंड कटनी में मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व और नशा उन्मूलन जैसे विषयों पर वक्ताओं ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह अमित कनकने ने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक है। इसलिए विद्यार्थियों को केवल अपने अधिकारों की ही नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्यों की भी जानकारी और जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों को समझना चाहिए तथा रचनात्मक गतिविधियों के साथ नशा उन्मूलन जैसे सामाजिक अभियानों में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा अपनी शारीरिक, बौद्धिक और मानसिक शक्ति का सकारात्मक उपयोग कर समाज, परिवार और राष्ट्र की सेवा कर सकता है। उन्होंने कहा कि आलोचना से घबराने की बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। विद्यार्थियों को अपने सामाजिक परिवेश को समझते हुए जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसके लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।
मुख्य वक्ता एवं विद्यार्थी परिषद के प्रांत सहमंत्री शिवेंद्र चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद स्थापना काल से ही छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति के रूप में संगठित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने परिषद की कार्यपद्धति, छात्रहित के आंदोलनों एवं सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से संगठन से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर के विभिन्न विद्यालयों से आए सैकड़ों विद्यार्थियों ने सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और उत्साह का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के अंत में नगर मंत्री अवध पांडेय ने आभार व्यक्त किया तथा सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कर कार्यक्रम का समापन किया।
इस अवसर पर जिला कार्यवाह संजय त्रिपाठी, विभाग प्रमुख श्रीकांत शुक्ला, विभाग संयोजक सीमांत दुबे, जिला प्रमुख अनिल गर्ग, जिला संयोजक संजय कुशवाहा, नगर उपाध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र शुक्ल, डॉ. जय प्रकाश अवस्थी, रचना गर्ग, साक्षी, प्राची, सिमरन, विवेक सहित बड़ी संख्या में परिषद के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
