
कटनी। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी और चाकूबाजी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर चाकूबाजी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं, वहीं दूसरी ओर चोर बेखौफ होकर सूने मकानों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस अभी पिछली कई चोरी की घटनाओं का खुलासा भी नहीं कर पाई थी कि उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर की एमईएस कॉलोनी में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आ गई।
जानकारी के अनुसार एमईएस कॉलोनी निवासी कॉस्मेटिक कारोबारी अनिल कलवानी अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान 6 और 7 जुलाई की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी में रखे 1 लाख 95 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, लॉकेट, कान की बालियां सहित चांदी के जेवर एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपये है।
परिवार के ससुराल से लौटने पर जब घर का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ दिखाई दिया, तब चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद तत्काल माधवनगर पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़ित अनिल कलवानी ने बताया कि वह शिकायत लेकर माधवनगर थाने पहुंचे, जहां मौजूद पुलिस स्टाफ ने उन्हें बताया कि थाना प्रभारी के आने के बाद ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। इस जवाब से पीड़ित को निराशा हुई।
शहर में लगातार हो रही चोरी और चाकूबाजी की घटनाओं से आम नागरिकों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस की लगातार गश्त और कार्रवाई के दावों के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अब इस नई चोरी की घटना ने पुलिस के सामने एक और चुनौती खड़ी कर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
