
कटनी। किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने कृषि उपज मंडी पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान किसानों ने बताया कि शासन द्वारा केवल 25 प्रतिशत मूंग की खरीदी किए जाने से बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने से वंचित हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के बीच धान की रोपाई का कार्य तेज़ी से चल रहा है, लेकिन सबसे अधिक आवश्यक डीएपी खाद की उपलब्धता नहीं है। किसानों को डीएपी के स्थान पर अन्य प्रकार की खाद दी जा रही है, जबकि फसल की आवश्यकता के अनुरूप डीएपी और यूरिया दोनों की पर्याप्त उपलब्धता जरूरी है। खाद की कमी के कारण खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है। किसानों ने पेट्रोल और डीजल की कमी का मुद्दा भी उठाया, जिससे कृषि कार्यों में अतिरिक्त परेशानी हो रही है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने कहा कि खेती के सबसे महत्वपूर्ण समय में किसानों को खाद और ईंधन जैसी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए भटकना पड़ रहा है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल पर्याप्त मात्रा में डीएपी एवं यूरिया उपलब्ध कराए, मूंग खरीदी का प्रतिशत बढ़ाए तथा पेट्रोल-डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करे, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
अमित शुक्ला ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार की उपेक्षा स्वीकार नहीं की जाएगी। कांग्रेस पार्टी किसानों के सम्मान, अधिकार और हितों की रक्षा के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस किसानों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करेगी।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, संजय गुप्ता, किसान नेता दिग्विजय सिंह, रमेश अहिरवार, विनोद अहिरवार, कपिल पटेल, हर्षित मिश्रा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे।
