
कैमोर। प्रथम मानसून वर्षा की दस्तक के साथ ही नगर परिषद कैमोर का प्रशासन जलभराव की संभावित समस्या से निपटने के लिए पूरी तरह सक्रिय नजर आया। बारिश थमते ही नगर परिषद अध्यक्ष पलक नमित ग्रोवर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष परते ने संयुक्त रूप से नगर के विभिन्न वार्डों, प्रमुख नालों तथा जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण का उद्देश्य पहली बारिश के बाद जल निकासी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करना तथा आगामी दिनों में होने वाली भारी वर्षा से पहले सभी आवश्यक तैयारियों को सुनिश्चित करना था। अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर नालियों की सफाई, जल प्रवाह और जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जहां-जहां नालियों में कचरा, अवरोध अथवा जल निकासी में बाधा पाई गई, वहां संबंधित स्वच्छता अमले को तत्काल सफाई कराने तथा नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष पलक नमित ग्रोवर एवं सीएमओ मनीष परते ने स्पष्ट किया कि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और जलभराव की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
इस संयुक्त निरीक्षण के दौरान नगर के गणमान्य नागरिक नमित ग्रोवर, स्वच्छता उप निरीक्षक बिहारीलाल यादव सहित नगर परिषद के विभिन्न विभागों के अधिकारी, वार्ड प्रभारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पहली ही बारिश के बाद नगर परिषद के शीर्ष नेतृत्व को मैदान में उतरकर निरीक्षण करते देख स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की सक्रियता की सराहना की। लोगों ने उम्मीद जताई कि इस बार समय रहते की जा रही तैयारियों से नगर को हर वर्ष होने वाली जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
– सुनील सिंगोते, पत्रकार, कैमोर
