कटनी। स्थानीय वेंकट लाइब्रेरी परिसर में कटनी आरओ वाटर यूनियन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक बढ़ती महंगाई और आरओ जल व्यवसाय से जुड़ी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए आयोजित की गई, जिसका संचालन संरक्षक राजू दसवानी एवं उपाध्यक्ष संतोष गुप्ता के नेतृत्व में किया गया।
बैठक में आरओ प्लांट संचालकों एवं एजेंट सप्लायरों ने वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों, बढ़ती लागत और व्यवसाय पर पड़ रहे प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बढ़ती महंगाई एवं संचालन व्यय को देखते हुए आरओ पानी के प्रति जार पर ₹5 की वृद्धि की जाएगी।
इस अवसर पर यूनियन की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। नई कार्यकारिणी में रविंद्र तोमर को महासचिव, उज्ज्वल जायसवाल को सह सचिव, अतीत कुशवाहा को कोषाध्यक्ष, ऋतिक तोमर को संगठन मंत्री, राहुल कोष्टी को सह संगठन मंत्री तथा अतुल सिंह को मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया। इसके अलावा अन्य कार्यकारिणी सदस्यों का भी मनोनयन किया गया।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यों की समस्याओं के समाधान तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में शहर के विभिन्न आरओ प्लांट संचालक, एजेंट एवं सप्लायर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन की एकता बनाए रखते हुए व्यवसायिक हितों एवं जनसेवा के लिए सक्रिय रहने का संकल्प व्यक्त किया।
