
बजरंग उत्सव समिति ने धूमधाम से मनाया विजयादशमी पर्व, विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने किया रावण दहन; रामलीला मंचन बना आकर्षण
कटनी। असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर शहर के चौपाटी परिसर में भक्ति, उत्साह और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। बजरंग उत्सव समिति द्वारा आयोजित भव्य रावण दहन कार्यक्रम में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन होते ही पूरा परिसर भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा और उपस्थित जनसमूह ने उत्साह के साथ विजयादशमी का पर्व मनाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम की लीलाओं के मंचन के साथ हुआ। रामलीला के कलाकारों ने भगवान श्रीराम और रावण के बीच हुए युद्ध के प्रसंग को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे-जैसे रामलीला अपने चरम पर पहुंची, वैसे-वैसे दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया। भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूप के मंच पर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया।

इसके बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूप के साथ प्रतीकात्मक रूप से तीर चलाकर 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। रावण के पुतले में अग्नि प्रज्वलित होते ही परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस ऐतिहासिक दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे। बच्चों, युवाओं और परिवारों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

बुराई के अंत और अच्छाई की विजय का दिया संदेश
विजयादशमी का यह आयोजन केवल रावण दहन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने लोगों को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश भी दिया। रावण दहन के माध्यम से अहंकार, अन्याय और बुराइयों का त्याग कर सद्गुणों को अपनाने का आह्वान किया गया। बजरंग उत्सव समिति की इस आयोजन परंपरा ने शहर के धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, पीताम्बर टोपनानी, शशांक श्रीवास्तव, विपिन तिवारी, आशीष गुप्ता, आशीष कंदेले, कार्यक्रम संयोजक अभिषेक ताम्रकार, राजय रजक, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पारस जैन, वागिश आनंद, सचिन निषाद, महिला मोर्चा अध्यक्ष सपना सरावगी, शिल्पी सोनी, कमलेश पटेल, वीरेंद्र ताम्रकार, निखिल सित्रे, सुरेश साहू, दीपक बिचपुरिया, अंकुश रैकवार, अजय रैदास, विनीत पिपरसानिया एवं सुनील विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
