
रात्रिकालीन सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस का अभियान, ब्रेथ एनालाइजर से जांच और धारा 185 के तहत चालानी कार्रवाई

कटनी। सड़क सुरक्षा और रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ट्रैफिक टीआई अनूप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पहले यातायात थाना के समीप सयाना मोड़ पहुंचकर सड़क पर घूमने वाले मवेशियों को रेडियम लगाए, ताकि रात के अंधेरे में वाहन चालकों को मवेशी दूर से दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
इसके बाद ट्रैफिक पुलिस टीम मिशन चौक पहुंची, जहां ऑटो वाहनों में रात्रि के समय दृश्यता बढ़ाने के लिए रेडियम लगाए गए। साथ ही पूर्व में ऑटो वाहनों में लगाए गए स्कैनर कोड के उपयोग की जानकारी ऑटो चालकों एवं यात्रियों को दी गई। पुलिस ने बताया कि यात्री अपने मोबाइल फोन से ऑटो में लगे स्कैनर कोड को किस प्रकार स्कैन कर सकते हैं और सुरक्षा की दृष्टि से इसका उपयोग कैसे किया जा सकता है।
अभियान के दौरान शराब पीकर दोपहिया वाहन चलाने वालों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। संदिग्ध वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जा रही है।

वहीं मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, फिटनेस, पंजीयन एवं नंबर प्लेट सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है। दस्तावेज पूर्ण नहीं पाए जाने अथवा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैफिक पुलिस का यह अभियान सड़क पर वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों और मवेशियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं, हेलमेट का उपयोग करें, निर्धारित संख्या में ही सवारी बैठाएं तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें।
अभियान के दौरान ट्रैफिक टीआई अनूप सिंह सहित समस्त यातायात पुलिस बल मौजूद रहा।
