
कटनी। शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों के बीच लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। माधवनगर गेट के पास तैनात ट्रैफिक पुलिस बल ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि सड़क हादसों से बचाव काफी हद तक स्वयं वाहन चालक की सावधानी और यातायात नियमों के पालन पर निर्भर करता है।

अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट चल रहे दोपहिया वाहनों, तीन सवारी, बिना लाइसेंस वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच की गई। इसके साथ ही माधवनगर गेट स्थित जेब्रा क्रॉसिंग और ट्रैफिक सिग्नल पर भी विशेष निगरानी रखी गई। रेड लाइट के दौरान जेब्रा क्रॉसिंग पर वाहन खड़े करने वाले चालकों को समझाइश देकर सिग्नल एवं जेब्रा क्रॉसिंग के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
कार्रवाई के दौरान रेड लाइट जंप करने वाले चारपहिया एवं दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। अभियान में करीब 40 से 45 वाहनों पर चालानी कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने वाहन चालकों को बाइक चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की भी समझाइश दी। पुलिस ने कहा कि वाहन चलाते समय की गई छोटी सी लापरवाही कई बार गंभीर हादसे का कारण बनती है, जिसका खामियाजा पूरे परिवार को भुगतना पड़ सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि सड़क पर वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें, हेलमेट एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ वाहन चलाएं, सिग्नल का पालन करें और मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचें। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
कार्रवाई में आरआई अंजू लकड़ा, एसआई शशिभूषण दुबे, एएसआई अशोक सिंह, आरक्षक आनंद मोहन सिंह, आरक्षक हिमांशु दुबे, आरक्षक मंजय कुमार यादव, आरक्षक अभिनव शुक्ला, आरक्षक राजकुमार अहिरवार एवं आरक्षक दीपक सिंह सहित ट्रैफिक पुलिस बल शामिल रहा।
