
कटनी। कलेक्टर कार्यालय के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित प्रतिष्ठित व्यवसाई निलेश चौदहा के प्रतिष्ठान स्वाद रेस्टोरेंट में सोमवार को उस समय हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई, जब नगर निगम की टीम दलबल के साथ जेसीबी मशीन लेकर कार्रवाई के लिए पहुंच गई। नगर निगम की टीम द्वारा की जा रही कार्रवाई को लेकर आसपास के क्षेत्र में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगम को शिकायत मिली थी कि जिस स्थल पर स्वाद रेस्टोरेंट का संचालन किया जा रहा है, वहां भवन का नक्शा आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत है, जबकि स्थल का उपयोग कथित रूप से व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। इसके अलावा मौके पर कुछ अवैध कब्जे होने की शिकायत भी नगर निगम को प्राप्त हुई थी। इन्हीं शिकायतों के आधार पर निगम की टीम मौके पर पहुंची थी।
जेसीबी के साथ पहुंची निगम की टीम
बताया गया कि नगर निगम की टीम जब स्वाद रेस्टोरेंट पहुंची तो उसके साथ जेसीबी मशीन और निगम का अमला भी मौजूद था। कार्रवाई की तैयारी को देखते हुए मौके पर काफी देर तक स्थिति गंभीर बनी रही। निगम अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठान से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली गई और स्थल पर संचालित गतिविधियों को लेकर संचालक से जवाब मांगा गया।
संचालक ने दिया लिखित आश्वासन
कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान संचालक निलेश चौदहा द्वारा नगर निगम अधिकारियों के समक्ष अपने दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। इसके बाद उन्होंने लिखित रूप से आश्वासन दिया कि उक्त स्थल पर तत्काल प्रभाव से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित नहीं की जाएंगी और स्वाद रेस्टोरेंट का संचालन बंद रखा जाएगा।
लिखित आश्वासन में यह भी कहा गया कि जब तक संबंधित स्थल पर रेस्टोरेंट अथवा व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन के लिए वैध अनुमति प्राप्त नहीं कर ली जाती, तब तक रेस्टोरेंट का संचालन नहीं किया जाएगा।
संचालक के लिखित आश्वासन के बाद नगर निगम की टीम फिलहाल कार्रवाई को आगे बढ़ाए बिना मौके से लौट गई।
कार्रवाई रुकवाने को लेकर राजनीतिक दबाव की चर्चा
नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद पूरे शहर में मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। सूत्रों के अनुसार कार्रवाई को रुकवाने के लिए राजनीतिक स्तर पर भी दबाव बनाने के प्रयास किए जाने की चर्चा रही। हालांकि, इस संबंध में नगर निगम अथवा संबंधित पक्ष की ओर से किसी राजनीतिक दबाव की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अब निगम की अगली कार्रवाई पर नजर
