
कटनी। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए मंगलवार 25 अगस्त 2026 को कटनी पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने प्रमुख बाजार क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान सड़क पर फैले अतिक्रमण को हटवाने के साथ ही अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, ट्रैफिक टीआई अनूप सिंह एवं नगर निगम अतिक्रमण विभाग के मानवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में संयुक्त अमले ने सुबह से शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया।
मिशन चौक से बरही नाका तक चला अभियान
संयुक्त टीम ने मिशन चौक, थाना तिराहा, सुभाष चौक, दक्षिण हनुमान मंदिर एवं बरही नाका क्षेत्र में पहुंचकर सड़क किनारे फैले अतिक्रमण को व्यवस्थित कराया। बाजार में यातायात को प्रभावित करने वाले ठेले एवं दुकानदारों को समझाइश देकर निर्धारित एवं व्यवस्थित तरीके से दुकान लगाने के निर्देश दिए गए।
20 वाहनों पर कार्रवाई, वाहन चालकों में मचा हड़कंप
सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान करीब 20 वाहनों पर कार्रवाई हुई, जिसमें ऑटो रिक्शा, मोटरसाइकिल, दोपहिया एवं लोडर वाहन शामिल रहे। कार्रवाई के बाद बाजार क्षेत्र में वाहन चालकों एवं व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।
पर्व के दौरान भी जारी रहेगी निगरानी
अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है। सड़क पर अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग एवं यातायात में बाधा बनने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
संयुक्त कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, ट्रैफिक टीआई अनूप सिंह, एसआई शशिभूषण दुबे, एएसआई अशोक सिंह, आरक्षक मंजय यादव, आरक्षक राजकुमार अहिरवार सहित पुलिस बल तथा नगर निगम अतिक्रमण विभाग से मानवेन्द्र सिंह सहित अमला मौजूद रहा।
