
धारा 185 में कार्रवाई, 10 चालान काटकर यातायात पुलिस ने दिया सुरक्षा का संदेश
कटनी। यात्रियों की जान जोखिम में डालकर शराब के नशे में ऑटो चलाना एक चालक को भारी पड़ गया। मंगलवार रात जगन्नाथ चौक पर यातायात पुलिस की सतर्कता से शराब के नशे में सवारी बैठाकर ऑटो चला रहे चालक को पकड़ा गया। पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि होने पर चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य ऑटो चालकों पर भी कार्रवाई करते हुए कुल 10 चालान काटे गए।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए चालक की पहचान सुनील तिवारी पिता छोटेलाल तिवारी, उम्र 28 वर्ष, निवासी इंद्रानगर, कटनी के रूप में हुई है। वह सवारियों को ऑटो में बैठाकर सड़क पर वाहन चला रहा था। जांच के दौरान पुलिस ने उसे रोककर ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण किया। शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होने पर उसके विरुद्ध धारा 185 के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
ब्रेथ एनालाइजर से हुई ऑटो चालकों की जांच
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जगन्नाथ चौक पर यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों की जांच की। पुलिसकर्मियों ने एक-एक कर वाहनों को रोककर चालकों की शराब सेवन की जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहन चालकों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।
एसआई शशिभूषण दुबे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी रत्नेश मिश्रा एवं यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई में आरआई अंजू लकड़ा, एसआई सुदामा दहिया, एसआई संदीप बाल्मीकि, आरक्षक राजकुमार अहिरवार एवं मंजय कुमार यादव शामिल रहे।
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
यातायात पुलिस का कहना है कि सवारियों को लेकर चलने वाले ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। ऐसे में शराब के नशे में वाहन चलाना यात्रियों सहित सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नशे में वाहन चलाने जैसी लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यातायात पुलिस के अनुसार शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
