
कटनी, 19 अगस्त 2026।शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और यात्रियों को सुविधा देने के उद्देश्य से स्टेशन मार्ग पर लागू की गई वन-साइड पार्किंग व्यवस्था अब पूरी तरह चौपट होती नजर आ रही है। मिशन चौक से आजाद चौक और चांडक चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे वाहन चालकों के साथ यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे गंभीर स्थिति बस स्टैंड परिसर क्षेत्र की बनी हुई है, जहां वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। निर्धारित पार्किंग व्यवस्था के बावजूद सड़क किनारे और आवागमन वाले स्थानों पर वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे यात्रियों के आवागमन में बाधा के साथ ही जाम की स्थिति भी बन रही है।
अतिक्रमण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
शहर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग को लेकर नगर निगम के अतिक्रमण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुख्य मार्गों और व्यस्त क्षेत्रों में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नियमित कार्रवाई नहीं होने से स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। कार्रवाई के अभाव में फुटपाथ और सड़क किनारे के हिस्से भी अतिक्रमण की चपेट में आ रहे हैं।
व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी किसकी?
मिशन चौक, आजाद चौक, चांडक चौक और बस स्टैंड शहर के प्रमुख एवं व्यस्त क्षेत्र हैं। इन मार्गों पर यातायात का दबाव लगातार बना रहता है। ऐसे में वन-साइड पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू करना और अवैध पार्किंग व अतिक्रमण हटाना नगर निगम सहित संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने मांग की है कि नगर निगम का अतिक्रमण विभाग मौके पर अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाए तथा वन-साइड पार्किंग व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि स्टेशन मार्ग से बस स्टैंड तक यातायात व्यवस्था दोबारा पटरी पर लौट सके।
