
कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया ब्रिज के समीप हुई बस दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों का हाल जानने के लिए भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

सांसद श्री शर्मा को जैसे ही हादसे की खबर लगी उन्होंने अपने कार्यक्रम बीच में छोड़ कर जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों तथा मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया।मीडिया से चर्चा करते हुए सांसद वी.डी. शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

वहीं घायलों का उपचार संबल योजना सहित अन्य शासकीय व्यवस्थाओं के माध्यम से बेहतर से बेहतर कराया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश भी दिए।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टण्डन, पीताम्बर टोपनानी, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित प्रशासनिक एवं भाजपा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि कुठला थाना क्षेत्र में हुई इस भीषण बस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं।
