
साधूराम स्कूल में भक्ति और उल्लास के बीच विधायक संजय सत्येंद्र पाठक का आत्मीय स्वागत, सेल्फी लेने के लिए बच्चों और युवाओं में मची होड़
कटनी। नवरात्र की भक्ति, गरबा की उमंग और अपनों से मिलने का उत्साह… इन रंगों से सजे दैनिक भास्कर समूह के गरबा महोत्सव में उस समय माहौल और भी खुशनुमा हो गया, जब विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक साधूराम स्कूल स्थित आयोजन स्थल पर पहुंचे। विधायक के आगमन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वहीं, बच्चों और युवाओं के बीच उन्हें करीब से देखने, मिलने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
कन्याओं को बताया साक्षात मां दुर्गा का स्वरूप
गरबा महोत्सव में उपस्थित कन्याओं को संबोधित करते हुए विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने उन्हें साक्षात मां दुर्गा का स्वरूप बताते हुए नमन किया। उन्होंने गरबा को केवल नृत्य तक सीमित न मानते हुए इसे मां दुर्गा की आराधना, आस्था और भारतीय सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा उत्सव बताया। नवरात्र के दौरान गरबा के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति और उल्लास के साथ मां भगवती की उपासना करते हैं।
‘संजू भैया’ के साथ सेल्फी लेने की होड़
विधायक संजय पाठक की मौजूदगी के बीच महोत्सव में बच्चों और युवाओं का उत्साह देखते ही बना। उनसे मिलने और साथ में सेल्फी लेने के लिए प्रतिभागियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। बच्चों की जिद और आग्रह पर विधायक ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान ‘संजू भैया’ के साथ यादगार पल कैमरे में कैद करने की होड़ लगी रही।
भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा आयोजन
दैनिक भास्कर समूह द्वारा आयोजित इस गरबा महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। पारंपरिक उत्साह, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के बीच आयोजन का माहौल जीवंत बना रहा। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार सुनील मुरारी, अनुज तिवारी, गुड्डा जैन सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
