
बाड़ी में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
कटनी, 13 अगस्त। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कटनी पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी (अजाक) शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी माधवनगर निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस ने अवैध गांजे की खेती का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
माधवनगर पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ग्राम निवार निवासी अनिल गोस्वामी पिता रामराज गोस्वामी, उम्र 19 वर्ष की बाड़ी में पहुंची। पुलिस को अचानक देखकर आरोपी घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बाड़ी में गांजे के पौधे लगाए जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए बाड़ी में लगे हरे गांजे के पौधों को जब्त किया, जिनका कुल वजन लगभग 30 किलो 790 ग्राम बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी अनिल गोस्वामी को धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में सउनि राजेश बागरी, प्रधान आरक्षक अजित सिंह, विनोद विश्वकर्मा, आरक्षक लोकेन्द्र सिंह, मणि सिंह, रोहित सिंह एवं नवीन शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
