
बारडोली उत्सव समिति का दो दिवसीय आयोजन, शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से उमड़ी भीड़
कटनी। सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से बारडोली उत्सव समिति द्वारा दो दिवसीय कजलिया महोत्सव का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। महोत्सव में गीत-संगीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कजलिया पर्व के अवसर पर आयोजित मेले में कटनी शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। परिवार सहित पहुंचे लोगों ने मेले में विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया और कजलिया पर्व की पारंपरिक खुशियों में शामिल हुए। पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
आयोजक अभिषेक ताम्रकार ने कहा कि कजलिया पर्व हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत बनाए रखना भी है।
पुलिस और ट्रैफिक व्यवस्था रही मुस्तैद
महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर कटनी पुलिस द्वारा विशेष इंतजाम किए गए। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहा।
वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक टीआई अनूप सिंह के साथ यातायात पुलिस बल भी पूरे आयोजन के दौरान तैनात रहा। पुलिस एवं ट्रैफिक अमले की मुस्तैदी के चलते कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया गया।
गणमान्य नागरिकों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, प्रतिष्ठित उद्योगपति प्रेम बत्रा, विनय दीक्षित, सुनील मिश्रा एवं अभिलेख ताम्रकार,गणेश कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
दो दिवसीय महोत्सव के दौरान गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों को देर तक बांधे रखा। आयोजन समिति की ओर से कजलिया पर्व को सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक संरक्षण से जोड़ते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों और पुलिस-प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया।
