
कटनी। जाकिर हुसैन वार्ड के संजय नगर क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर स्थानीय नागरिकों की शिकायतों के बाद अब वार्ड पार्षद रेखा संजय तिवारी ने नगर निगम आयुक्त को लिखित आवेदन देकर मामले में निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
वार्ड पार्षद ने आवेदन में बताया कि संजय नगर, थाना माधवनगर क्षेत्र में सड़क एवं सार्वजनिक आवागमन क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर स्थानीय नागरिकों द्वारा नगर निगम के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से भी शिकायतें की गई हैं। शिकायतों के बाद नगर निगम का अतिक्रमण अमला मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंचता है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई किए बिना लौटने के आरोप स्थानीय नागरिकों द्वारा लगाए जा रहे हैं।
पार्षद के अनुसार, वर्तमान में क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य भी चल रहा है, लेकिन अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य प्रभावित होने के साथ राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि अतिक्रमण विभाग के संबंधित अधिकारी के समक्ष मामला रखने पर नाली के पीछे दुकान निर्मित होने का हवाला देते हुए कार्रवाई नहीं किए जाने की बात कही गई। इस पर पार्षद ने संबंधित निर्माण की वैधानिक स्थिति, स्वीकृत नक्शे और निर्धारित सीमा की जांच कराने की मांग की है।
वार्ड पार्षद ने आयुक्त से तत्काल स्थल निरीक्षण, निर्माण की वैधानिकता की जांच, सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को नियमानुसार हटाने तथा पूर्व शिकायतों और सीएम हेल्पलाइन पर हुई कार्रवाई की जांच कराने की मांग की है। साथ ही यदि शिकायतों के बावजूद नियमों के अनुसार कार्रवाई नहीं हुई है तो संबंधित अधिकारी या अमले की जिम्मेदारी निर्धारित करने और कार्रवाई की जानकारी लिखित रूप से उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
