
पार्थिव शिवलिंग निर्माण, महारुद्राभिषेक और विशाल भंडारे में हजारों शिवभक्त हुए शामिल
कैमोर। सावन माह के पावन दूसरे सोमवार को वार्ड क्रमांक 6, खलवारा बाजार स्थित अमृत वाटिका (पुराना राम मिलन सोनी जी का बाड़ा) में भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकुर ग्रोवर के सौजन्य से आयोजित इस वार्षिक धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के हजारों शिवभक्तों ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और पुण्य लाभ अर्जित किया।
सुबह से ही अमृत वाटिका परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया। इसके बाद विद्वान आचार्यों एवं मुख्य यजमानों द्वारा भगवान शिव का विधि-विधान से महारुद्राभिषेक कराया गया। जल, दूध, बेलपत्र, भांग सहित विभिन्न पवित्र सामग्रियों से किए गए अभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
अनुष्ठान के पश्चात भगवान भोलेनाथ की दिव्य महाआरती की गई। पूरा परिसर दिनभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। धार्मिक आयोजन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें देर शाम तक हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजक एवं पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकुर ग्रोवर ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों तथा कार्यक्रम में शामिल हुए शिवभक्तों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद और क्षेत्रवासियों के स्नेह से विगत वर्ष की तरह इस वर्ष भी धार्मिक अनुष्ठान निर्विघ्न एवं भव्य रूप से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की यह परंपरा भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।
— सुनील सिंगोते, पत्रकार, कैमोर
