
शक्कर के बढ़ते दामों पर जताया विरोध, जमकर हुई नारेबाजी; आमजन को राहत देने की मांग
कटनी। बढ़ती महंगाई और शक्कर के बढ़ते दामों के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस ने शहर के घंटाघर पर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। कांग्रेसियों ने 40 रुपये प्रति किलो की दर से शक्कर का वितरण करते हुए बढ़ती महंगाई के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और आमजन को महंगाई से राहत देने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला, ग्रामीण तहसील अध्यक्ष सौरभ सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष नारायण निषाद ने भी विशेष रूप से प्रदर्शन में सहभागिता करते हुए महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से गरीब, मजदूर, किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। खाद्य सामग्री सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम आदमी की परेशानी बढ़ती जा रही है। शक्कर के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेसियों ने प्रतीकात्मक रूप से 40 रुपये किलो शक्कर वितरित कर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
नारायण निषाद ने कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब, पिछड़े और मेहनतकश परिवारों पर पड़ रहा है। सरकार को जनहित में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला एवं ग्रामीण तहसील अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि कांग्रेस आमजन से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है। महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
घंटाघर क्षेत्र में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार से बढ़ती महंगाई पर तत्काल नियंत्रण लगाने और आमजन को राहत देने की मांग की।
