
जनप्रतिनिधियों ने की पूजा-अर्चना, माता रानी का आशीर्वाद लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना
कटनी। शारदेय नवरात्र के पावन पर्व पर पंचमी के अवसर पर मंगल नगर न्यू कॉलोनी स्थित श्री शिवाय दुर्गा उत्सव समिति द्वारा स्थापित माँ जगदम्बे की प्रतिमा के समक्ष भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। भक्तिमय वातावरण में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रवि खरे, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सपना सरावगी एवं पार्षद शकुंतला सोनी शामिल हुए।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने विधि-विधान से माँ जगदम्बे की पूजा-अर्चना कर महाआरती की तथा माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। आरती के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित महाआरती में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बना। श्री शिवाय दुर्गा उत्सव समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और क्षेत्रीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने माँ जगदम्बे के चरणों में शीश नवाकर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की।
