कटनी। शहर के फॉरेस्टर वार्ड क्रमांक 33 में मंगलवार को पेयजल आपूर्ति को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है।
वार्डवासियों का आरोप है कि नल के माध्यम से गंदा एवं नाली मिश्रित पानी सप्लाई किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।स्थानीय लोगों के अनुसार, इस तरह की घटना पहले भी कई बार हो चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं किया गया।
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
वार्डवासियों ने बताया कि वे इस गंदे पानी का सैंपल लेकर नगर निगम कटनी के आयुक्त को दिखाने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि स्थिति की गंभीरता समझाई जा सके। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण जनता परेशान है, जबकि जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दे रहे।
नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल साफ पेयजल उपलब्ध कराने एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
