
जबलपुर, सतना और कटनी सहित विभिन्न शहरों से पहुंचे सदस्यों ने की सहभागिता, समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ग्रुपों एवं पदाधिकारियों को मिले सम्मान
कटनी। समाजसेवा, सेवा भावना और संगठनात्मक एकजुटता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन फेडरेशन-7 के तत्वावधान में यूनिट अवार्ड समारोह का भव्य आयोजन 31 अक्टूबर, शनिवार को जायंट्स कटनी सहेली के सौजन्य से स्काईलाइट, शंभू टॉकीज रोड स्थित जोवियल स्कूल परिसर में किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत कटनी के उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में फेडरेशन अध्यक्ष श्रीमती दीपिका शर्मा, फेडरेशन उपाध्यक्ष रणवीर करण, यूनिट डायरेक्टर श्रीमती प्रिया श्रीवास्तव, ग्रुप उपाध्यक्ष मनीष गौतम एवं ग्रुप संस्थापक श्रीमती गीता जोशी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात फेडरेशन अध्यक्ष श्रीमती दीपिका शर्मा सहित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का पुष्पहारों से आत्मीय स्वागत किया। समारोह में जबलपुर, सतना और कटनी सहित विभिन्न शहरों से पहुंचे जायंट्स सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संगठन की एकजुटता का परिचय दिया।
सेवा कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ग्रुपों को मिला सम्मान
समारोह का मुख्य आकर्षण वर्षभर समाजसेवा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए विभिन्न ग्रुपों एवं पदाधिकारियों का सम्मान रहा। यूनिट डायरेक्टर श्रीमती प्रिया श्रीवास्तव द्वारा बेस्ट प्रोजेक्ट अवार्ड, बेस्ट ग्रुप अवार्ड, बेस्ट सेवा सप्ताह अवार्ड, बेस्ट बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अवार्ड, बेस्ट अध्यक्ष एवं बेस्ट सचिव सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मान प्राप्त करने वाले सदस्यों में उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर सभी ने समाजहित के कार्यों को और अधिक सक्रियता, समर्पण एवं नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
सामाजिक संस्थाओं का सम्मान दूसरों के लिए भी प्रेरणादायक : अशोक विश्वकर्मा
मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन फेडरेशन-7 समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। पीड़ित मानवता की सेवा के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाने वाली संस्थाओं एवं उनके पदाधिकारियों को सम्मानित करना प्रशंसनीय पहल है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक संस्थाओं का उत्साहवर्धन होता है और अन्य संगठनों को भी समाजहित में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने फेडरेशन-7 की पूरी टीम को इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह समाजसेवा के कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का आह्वान किया।
पदाधिकारियों एवं सदस्यों की रही उल्लेखनीय सहभागिता
समारोह में फेडरेशन सचिव श्रीमती सुषमा गोस्वामी, फेडरेशन ऑफिसर श्रीमती दीपाली गुप्ता, श्रीमती रंजिश गोयनका, वरिष्ठ सदस्य श्रीमती गौरी साहू, श्रीमती शशि शुक्ला, श्रीमती आशा दीक्षित, श्रीमती रितु तिवारी एवं श्रीमती अलका वर्मा की उपस्थिति रही। वहीं जायंट्स ग्रुप ऑफ कटनी यूनिट के अध्यक्ष बसंत यादव, सचिव शिवराज गोस्वामी एवं कोषाध्यक्ष अमित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सदस्यों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
समारोह का समापन सामाजिक सेवा के संकल्प और संगठन की एकजुटता के संदेश के साथ हुआ। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयास, समर्पण और सेवा भावना से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
