
पन्ना मोड़ से इंडिया होटल तक दहशत का खतरा, आम नागरिकों की जिंदगी से खिलवाड़; आखिर ओवरलोड वाहनों पर लगाम लगाएगा कौन?
कटनी।शहर की सड़कों पर दौड़ते ओवरलोड वाहन आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। इसका एक खतरनाक नजारा शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे देखने को मिला। पन्ना मोड़ की ओर से आ रहे एक छोटे हाथी लोडर वाहन में भारी-भरकम लोहे की सामग्री लदी हुई थी। आरोप है कि सामग्री को बेहद लापरवाही से वाहन के केबिन के ऊपर तक लादकर ले जाया जा रहा था।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, जैसे ही लोडर वाहन पन्ना मोड़ पार कर दैनिक मध्यप्रदेश कार्यालय एवं इंडिया होटल के सामने पहुंचा, वैसे ही वाहन में लदा लोहे का भारी ढेर अचानक नीचे सड़क पर गिर गया। इस दौरान गनीमत रही कि वाहन के सामने कोई अन्य वाहन नहीं था और कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया। यदि उस समय वहां कोई दोपहिया वाहन चालक, राहगीर या अन्य वाहन मौजूद होता, तो यह घटना एक बड़े और भयावह हादसे में तब्दील हो सकती थी।
किसी की जान जाने के बाद ही जागेंगे जिम्मेदार?
सवाल यह है कि आखिर सड़कों पर इस तरह खुलेआम लापरवाही कब तक चलती रहेगी? वाहन में भारी सामग्री लादकर उसका सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करना चालक की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद यदि सामग्री सड़क पर गिर जाती है, तो यह यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
शहर में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी है कि वाहनों की निर्धारित भार क्षमता, सामग्री की सुरक्षित लोडिंग और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। ऐसे मामलों में निगरानी और नियमानुसार कार्रवाई आवश्यक है, ताकि आम नागरिकों की जान जोखिम में न पड़े।
हादसा टला, लेकिन सवाल बरकरार!
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। गनीमत से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन हर बार किस्मत के भरोसे लोगों की सुरक्षा नहीं छोड़ी जा सकती। संबंधित अधिकारियों को घटना का संज्ञान लेकर वाहन की जांच करनी चाहिए और लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
अब देखने वाली बात यह होगी कि जिम्मेदार विभाग इस घटना से सबक लेकर ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए क्या कदम उठाते हैं, या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा।
📹 देखें वीडियो: पन्ना मोड़ के पास चलते लोडर वाहन से सड़क पर गिरा लोहे का भारी ढेर।
