
50 वर्षों से अधिक पुरानी रामलीला परंपरा को मिलेगा स्थायी मंच, व्यापारिक क्षेत्र के लोगों को भी मिलेगी शौचालय-मूत्रालय की सुविधा
कटनी। शहर के ऐतिहासिक घंटाघर क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए घंटाघर रामलीला कमेटी के रंगमंच निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं नवनिर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण समारोह संपन्न हुआ। इन दोनों कार्यों से जहां वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में कदम बढ़ा है, वहीं शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार होगा।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद मिथिलेश जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि घंटाघर रामलीला कमेटी द्वारा विगत 50 वर्षों से अधिक समय से रामलीला का मंचन कराया जा रहा है। लेकिन स्थायी रंगमंच के अभाव में रामलीला के पात्रों और आयोजन देखने पहुंचने वाले दर्शकों को लंबे समय से विभिन्न कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब लगभग 53 लाख रुपये की लागत से रंगमंच का निर्माण होने से रामलीला आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा सकेंगी। इससे क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होगी और रामलीला की ऐतिहासिक परंपरा को बेहतर आधार मिलेगा।
व्यापारिक क्षेत्र को मिलेगी बड़ी राहत
घंटाघर क्षेत्र में नवनिर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण से कपड़ा बाजार, सराफा बाजार, गोल बाजार, हनुमानगंज सहित आसपास के विस्तृत व्यापारिक क्षेत्र में आने वाले व्यापारियों, ग्राहकों और आम नागरिकों को शौचालय एवं मूत्रालय की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। व्यस्त बाजार क्षेत्र में इस सुविधा के शुरू होने से लोगों को राहत मिलने के साथ ही सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में नगर निगम महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक, मेयर-इन-काउंसिल के सदस्यगण, विभिन्न राजनीतिक दलों के पार्षद तथा घंटाघर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्री राजाराम यादव उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त गोविंद सचदेवा, सराफा बाजार व्यापारी संघ के प्रतिनिधि श्री आशीष सोनी, झंडा बाजार किराना व्यापारी संघ के अध्यक्ष अतुल सचदेवा, श्री राजेंद्र तिवारी, श्री रमेश सोनी, पूर्व पार्षद श्री अरुण कन्नौजिया एवं श्रीमती लता कनौजिया, केके शर्मा एडवोकेट, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, रामकृष्ण गट्टानी, बाला गट्टानी, सतीश बजाज, संदीप गुड्डू यादव, सत्यम चौहान और ओंकार बहरे सहित सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर निगम एवं सुलभ इंटरनेशनल के अधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्व पार्षद एवं एडवोकेट मनोज गुप्ता ने किया।
घंटाघर क्षेत्र में रंगमंच निर्माण और सुलभ कॉम्प्लेक्स की सुविधा को शहर की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
