
मिशन चौक सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चला जांच अभियान, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती

कटनी। नवरात्र के पावन पर्व को देखते हुए शहर में सड़क सुरक्षा और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कटनी यातायात पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मिशन चौक सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर अंकुश लगाने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना और आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है। जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में दो ई-रिक्शा चालकों और एक मोटरसाइकिल चालक सहित कुल तीन वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, वाहन के आवश्यक दस्तावेजों सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में अभियान
यह वाहन जांच अभियान पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी रत्नेश मिश्रा एवं यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान आरआई अंजू लकड़ा, एसआई शशि भूषण दुबे, एएसआई अशोक सिंह, आरक्षक मंजय कुमार यादव एवं आरक्षक आनंद मोहन सिंह आरक्षक राजकुमार अहिरवार सहित यातायात पुलिस की टीम मौजूद रही।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें तथा वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें, ताकि नवरात्र पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और सभी नागरिक सुरक्षित आवागमन कर सकें।
