
अशोक विश्वकर्मा ने मरीजों और परिजनों से की मुलाकात, अधिकारियों से फोन पर की चर्चा
कटनी। अस्पताल में उपचार के दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों को आ रही समस्याओं की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं जिला शिक्षा समिति अध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उपचार तथा अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर उनकी समस्याएं सुनीं।

मरीजों ने उपचार के दौरान आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध नहीं होने सहित अन्य परेशानियों की जानकारी दी। इस पर विश्वकर्मा ने मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए मौके से ही संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से फोन पर चर्चा की। उन्होंने मरीजों को बेहतर एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने तथा सामने आ रही समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीज पहले से ही परेशानी में होते हैं। ऐसे में उन्हें उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना चाहिए। मरीजों की समस्याओं का समय पर समाधान करना स्वास्थ्य व्यवस्था की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों एवं उनके परिजनों से भी फीडबैक लिया। साथ ही भरोसा दिलाया कि सामने आई समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाकर उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
