मदिरा सेवन कर वाहन चलाने के आरोप में एक चालक पर धारा 185 के तहत कार्रवाई, 14 अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई
कटनी। गणेश पर्व के मद्देनजर शहर में शांति एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कटनी पुलिस द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यातायात थाना प्रभारी टीआई अनूप सिंह के नेतृत्व में 19 सितंबर को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात पुलिस टीम ने वाहनों की जांच की। इस दौरान आरआई अंजू लकड़ा, एसआई शशिभूषण दुबे, आरक्षक मंजय कुमार यादव एवं आरक्षक राजकुमार अहिरवार सहित पुलिस बल ने वाहन चालकों को रोककर दस्तावेजों की जांच की।
पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल क्रमांक MP20 Z 5579 के चालक नीलेश केवट, पिता कमलेश केवट, उम्र 22 वर्ष के विरुद्ध मदिरा सेवन कर वाहन चलाने और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने के आरोप में कार्रवाई की गई। मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं, दस्तावेज संबंधी अनियमितताओं के मामलों में धारा 3/181 एवं 5/181 के तहत कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान नियमों के उल्लंघन के आरोप में अन्य 14 वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा गणेश पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर वाहन जांच अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।
