
नकली या मिलावटी शराब मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग

कटनी। जिले में संचालित शराब दुकानों पर विक्रय की जा रही शराब की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग को लेकर ओ. बी सी. राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, जिला कटनी की ओर से जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन पत्र सौंपा गया। आवेदन जिला अध्यक्ष नारायण निषाद द्वारा 16 सितंबर 2026 को प्रस्तुत किया गया।
आवेदन में मांग की गई है कि कटनी जिले में संचालित विभिन्न शराब दुकानों एवं विक्रय केंद्रों का प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा औचक निरीक्षण कराया जाए। साथ ही दुकानों पर उपलब्ध शराब के विभिन्न ब्रांड एवं बैच के नमूने लेकर उन्हें अधिकृत प्रयोगशाला में गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजा जाए।
नारायण निषाद ने आवेदन में उल्लेख किया कि नकली अथवा मिलावटी शराब का सेवन आमजन के स्वास्थ्य एवं जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसे में शराब की गुणवत्ता को लेकर नियमित निगरानी और जांच आवश्यक है।
आवेदन में यह भी मांग की गई है कि जांच के दौरान यदि किसी शराब में मिलावट, नकलीपन, निर्धारित मानकों से विचलन अथवा अन्य अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित शराब ठेकेदार, विक्रेता एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही संदिग्ध या अमानक शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाकर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ ने जनहित एवं संभावित जनहानि को देखते हुए मामले में शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
