
सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश लेकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा
कटनी। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सर्व विश्वकर्मा समाज कटनी के तत्वावधान में गुरुवार को नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में विश्वकर्मा समाज के साथ विभिन्न समाजों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। नगर के प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर अभिनंदन किया गया।

शोभायात्रा का शुभारंभ सिविल लाइन स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर से हुआ। आयोजन से पूर्व श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की। इसके पश्चात भगवान विश्वकर्मा की शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जो विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक, गांधी द्वार, झंडा बाजार, पुनः सुभाष चौक, स्टेशन रोड एवं दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर होते हुए वापस सिविल लाइन स्थित विश्वकर्मा मंदिर पहुंची।
शोभायात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों एवं नगरवासियों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई स्थानों पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना एवं आरती कर श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया। शोभायात्रा के दौरान पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए।
आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे एवं एकता का संदेश दिया गया। सर्व विश्वकर्मा समाज ने शोभायात्रा के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले विभिन्न समाजों, सामाजिक संगठनों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
