
डॉ. मुस्कान सोनी ने बीएमओ को सौंपा आवेदन, जून-जुलाई की पूरी उपस्थिति दर्ज होने का दावा; रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच की मांग
विजयराघवगढ़। सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ में पदस्थ बांडेड डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी ने अपनी उपस्थिति एवं लंबित वेतन को लेकर खंड चिकित्सा अधिकारी को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। डॉ. सोनी के अनुसार, उन्हें जारी किए गए उपस्थिति संबंधी नोटिस में उनकी कुल उपस्थिति चार माह दर्शाई गई है, जबकि उनके द्वारा जून एवं जुलाई माह की पूर्ण उपस्थिति दर्ज कर संबंधित रिकॉर्ड जमा किया गया था।
आवेदन में डॉ. सोनी ने दावा किया है कि जून-जुलाई की उपस्थिति संबंधी रिकॉर्ड बाद में CHHO कार्यालय से गुम हो गया। उनका कहना है कि अन्य महीनों की उपस्थिति के साथ मरीजों के रजिस्टर में भी मरीजों के उपचार एवं संबंधित कार्य की एंट्री दर्ज है। उन्होंने इन दस्तावेजों एवं उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया है।
डॉ. सोनी ने यह भी कहा कि उनकी उपस्थिति का निर्धारण केवल किसी मैट्रन या नर्स की जानकारी के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि अस्पताल में उपलब्ध आधिकारिक रिकॉर्ड, मरीज रजिस्टर एवं अन्य संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया जाए। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी एवं उपस्थिति की भी जांच कराने का अनुरोध किया है।
35 किलोमीटर दूर से बस से आती हैं अस्पताल
आवेदन में डॉ. सोनी ने बताया कि वह करीब 35 किलोमीटर की दूरी से बस के माध्यम से कार्यस्थल आती हैं। लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण बस किराए सहित अन्य खर्चों का वहन करना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। उन्होंने लंबित वेतन का भुगतान कराने की मांग करते हुए कहा कि आर्थिक परेशानी के कारण कार्यस्थल तक नियमित रूप से आने में भी कठिनाई हो रही है।
डॉ. सोनी ने प्रशासन से उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर उनकी उपस्थिति का निष्पक्ष परीक्षण कराने और लंबित वेतन के भुगतान की कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
