
मारपीट के मामले में सख्त कार्रवाई और कथित अवैध गतिविधियों पर रोक की मांग, कलेक्टर-एसपी के नाम सौंपा ज्ञापन
कटनी। अमीरगंज एवं रविंद्र नाथ टैगोर वार्ड क्षेत्र में कथित अवैध शराब बिक्री और अन्य अवैध गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। महिलाओं, बच्चों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बीते दिनों अमीरगंज तालाब के पास सनत कुमार यादव के साथ हुई मारपीट के मामले में आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर जाम खुलवाने के प्रयास किए। पुलिस की मौजूदगी में क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी गई।
कलेक्टर-एसपी के नाम सौंपा ज्ञापन
विरोध प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रवासियों की ओर से कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम एक शिकायत/ज्ञापन भी सौंपे जाने की जानकारी सामने आई। ज्ञापन में अमीरगंज एवं रविंद्र नाथ टैगोर वार्ड में कथित रूप से अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा सहित अन्य असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में सुशील यादव के संबंध में भी स्थानीय नागरिकों द्वारा विभिन्न आरोप एवं शिकायतें किए जाने का उल्लेख है। शिकायतकर्ताओं ने उसके विरुद्ध पूर्व में दर्ज बताए जा रहे आपराधिक प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार दंडात्मक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ज्ञापन में जिला बदर सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई पर विचार करने की मांग भी रखी गई है।
क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि क्षेत्र में कुछ स्थानों पर कथित रूप से अवैध शराब एवं गांजा बिक्री जैसी गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इसके अलावा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार, बुजुर्गों से विवाद एवं मारपीट जैसी घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई गई है।
ज्ञापन में क्षेत्र में शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे कर दुकान अथवा मकान निर्माण किए जाने की शिकायत भी की गई है। क्षेत्रवासियों ने राजस्व विभाग एवं नगर निगम के माध्यम से ऐसे स्थानों का सीमांकन और विधिवत जांच कराने तथा निर्माण अवैध पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
क्षेत्रवासियों ने अमीरगंज एवं आसपास के इलाकों में अवैध शराब एवं गांजा बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने, जुआ-सट्टा संचालित करने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने, असामाजिक तत्वों की निगरानी बढ़ाने तथा महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
वहीं, प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को लेकर लंबे समय से चिंता बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से शिकायतों का निष्पक्ष परीक्षण कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई करने और क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।
