
रेलवे स्टेशन से निकली भव्य युवा शौर्य स्वागत यात्रा, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में महाआरती के बाद भाजपा कार्यालय में हुआ अभिनंदन
कटनी। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष पारस जैन के स्वागत एवं अभिनंदन में मंगलवार को शहर में भव्य युवा शौर्य स्वागत यात्रा निकाली गई। मुख्य रेलवे स्टेशन से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं, भाजपा पदाधिकारियों और समर्थकों ने सहभागिता की। ढोल-नगाड़ों की गूंज, हाथों में लहराते पार्टी ध्वज और जोशीले नारों के बीच निकली यात्रा ने शहर के प्रमुख मार्गों पर उत्साहपूर्ण माहौल बना दिया।
सायं करीब 4 बजे मुख्य रेलवे स्टेशन से यात्रा प्रारंभ हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष पारस जैन का पुष्पमालाओं, पुष्पवर्षा और आतिशी स्वागत के साथ अभिनंदन किया। बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी के चलते यात्रा में पूरे समय उत्साह नजर आया।
दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में महाआरती
स्वागत यात्रा कमानिया गेट स्थित प्रसिद्ध दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर पहुंची। यहां पारस जैन सहित युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना की और महाआरती में सहभागिता की। मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण के बीच कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद यात्रा बरगवां होते हुए जिला भाजपा कार्यालय पहुंची, जहां स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पारस जैन का स्वागत किया।
युवा मोर्चा संगठन की रीढ़ : दीपक सोनी टंडन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में युवा कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवा मोर्चा संगठन की रीढ़ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने तथा सरकार और संगठन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नई ऊर्जा के साथ संगठन को मजबूत करने का संकल्प
नवनियुक्त युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पारस जैन ने स्वागत के लिए वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और दृढ़ता के साथ निर्वहन करेंगे। जिले में युवा मोर्चा को और मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास रहेगा।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से युवा मोर्चा को जिले में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम का समापन कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित अल्पाहार के साथ हुआ।
पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला भाजपा पदाधिकारियों सुनील उपाध्याय, सपना सरावगी, अंकिता तिवारी, अमरीश वर्मा, अम्बु सहित अन्य पदाधिकारियों ने पारस जैन का स्वागत किया।
स्वागत यात्रा में युवा मोर्चा के शुभ सोनी, सचिन निषाद, संस्कार मिश्रा, शेंकी जैन, नकुल सचदेवा, राजा सोनी, आयुष पाण्डेय, रोहित जैन, नमन जैन, अमित तिवारी, यश खरे, साध्वी निगम सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल रहे।
