
शव रखकर किया प्रदर्शन, रस्सी बांधकर कटनी मार्ग रोका; स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
विजयराघवगढ़। बुधवार सुबह करीब 11 बजे स्कूली वैन से हुए दर्दनाक हादसे में कक्षा तीसरी के 10 वर्षीय छात्र जीत यादव की मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही पूरे विजयराघवगढ़ में शोक के साथ आक्रोश फैल गया। आक्रोशित परिजनों और नागरिकों ने आजाद चौक पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार द्वारका स्कूल में कक्षा तीसरी का छात्र जीत यादव सुबह स्कूली वैन से स्कूल जा रहा था। वैन विजयराघवगढ़ में नदी पार पानी की टंकी के पास पहुंची, तभी छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में वैन से नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण कुछ ही देर में मासूम ने दम तोड़ दिया।

शव रखकर सड़क पर उतरे परिजन और नागरिक
बच्चे की मौत की खबर परिवार तक पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना से आक्रोशित नागरिकों ने स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा और कथित लापरवाही को लेकर विरोध शुरू कर दिया।
आक्रोशित लोगों ने आजाद चौक से विजयराघवगढ़ बस स्टैंड होते हुए कटनी जाने वाले मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर रस्सियां बांधकर राह से गुजरने वाले वाहनों को रोक दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। काफी संख्या में लोग सड़क पर जमा रहे और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया।
