
कटनी। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कटनी ट्रैफिक पुलिस ने मिशन चौक पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाली मॉडिफाइड बुलेट तथा शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में ट्रैफिक टीआई अनूप सिंह के नेतृत्व में मिशन चौक पर वाहन जांच की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग करने वाले चालकों को रोककर कार्रवाई की। वहीं तेज और कर्कश आवाज करने वाली बुलेट सहित अन्य वाहनों की भी जांच की गई।

अभियान के दौरान शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों पर भी विशेष नजर रखी गई। पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने, तीन सवारी न बैठाने तथा शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की समझाइश भी दी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान एसआई शशि भूषण दुबे, एस आई राज कुमार झारिया, ए एस आई ईश्वर बागरी एवं आरक्षक मंजय यादव, आरक्षक हिमांशु दुबे सहित ट्रैफिक पुलिस बल मौजूद रहा।
