
विजयराघवगढ़। आगामी ईद, रक्षाबंधन एवं कजलिया पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना विजयराघवगढ़ परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में हुई।
बैठक में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, नायब तहसीलदार श्री शुक्ला सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, शांति समिति के सदस्य एवं पत्रकार उपस्थित रहे। आगामी त्योहारों के दौरान निकलने वाले जुलूस, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नागरिकों से सुझाव भी लिए गए।
नायब तहसीलदार श्री शुक्ला ने सभी से आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। उन्होंने संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
बारिश और आपदा प्रबंधन पर भी हुई चर्चा
बैठक में आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति में सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदी-नालों में पानी का बहाव बढ़ने पर उन्हें पार करने का प्रयास न करें तथा ऐसे स्थानों से दूरी बनाए रखें।
वहीं, वर्षा ऋतु में सर्पदंश की घटनाओं को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। थाना प्रभारी ने अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में किसी भी प्रकार के घरेलू उपचार या झाड़-फूंक में समय न गंवाते हुए पीड़ित को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया जाए।
बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों एवं नागरिकों ने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन और पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक के अंत में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
