
कटनी। नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) से जुड़े जमीन की खरीद-फरोख्त और हत्या के मामले में सामने आए आरोपों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी को ज्ञापन सौंपा। भाजयुमो ने मामले में नामजद सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।
भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष मृदुल मिश्रा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सीएसपी से जुड़े प्रकरण में साजिशपूर्वक जमीन की अनाधिकृत खरीद-फरोख्त तथा हत्या के मामले में डिफॉल्ट बेल का रास्ता साफ करने के बदले आरोपी से करोड़ों रुपये की जमीन कथित तौर पर कौड़ियों के दाम में खरीदे जाने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। भाजयुमो ने कहा कि इन आरोपों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ज्ञापन में कांग्रेस पार्षद मौसूफ अहमद बिट्टू के पिता मारूफ अहमद हनफी सहित अन्य लोगों के नाम सामने आने का उल्लेख करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई। साथ ही पार्षद मौसूफ अहमद बिट्टू की भूमिका की भी जांच कराने की मांग रखी गई। भाजयुमो ने कहा कि जांच में यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
कार्यकर्ताओं ने मामले से जुड़े सभी आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा प्रकरण में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्यप्रदेश शासन के प्रमुख सचिव, आईजी जबलपुर एवं कलेक्टर कटनी को भी पूरे मामले से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।
