
कटनी। जिला अस्पताल में पेट की बीमारी के उपचार के लिए भर्ती कराई गई ग्राम खमरिया, थाना कुठला निवासी पूना चक्रवर्ती पति विनोद चक्रवर्ती, उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष, की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के स्टॉफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
परिजनों का आरोप है कि पूना चक्रवर्ती को पेट में तेज दर्द की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ती गई, लेकिन समय पर उचित ध्यान नहीं दिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि जब महिला पेट दर्द से कराह रही थी, उस समय ड्यूटी पर मौजूद स्टॉफ नर्स मोबाइल फोन चलाने में व्यस्त थी।
महिला की मौत के बाद परिजन करीब दो घंटे तक सर्जिकल वार्ड में शव उठाने से इनकार करते रहे। उनका कहना था कि जब तक मामले में जिम्मेदार स्टॉफ के विरुद्ध कार्रवाई और घटना की उचित जांच नहीं की जाती, तब तक वे शव नहीं उठाएंगे।
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
